नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए चनपटिया में रोजगार शिविर 30 को

नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए चनपटिया में रोजगार शिविर 30 को

बेतिया/चनपटिया/आशीष पाण्डेय।

नौकरी की तलाश कर रहे पश्चिम चंपारण के युवाओं के लिए 30 अगस्त को चनपटिया में रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। गणेश प्रसाद हाई स्कूल परिसर में होने वाले इस मेगा जॉब कैंप में 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। विधायक अभिषेक रंजन की पहल पर पहली बार चनपटिया में इस स्तर का रोजगार कैंप आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। शैक्षणिक योग्यता के साथ तकनीकी दक्षता और संबंधित कौशल रखने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। अभ्यर्थियों को एक ही जगह पर कई कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने और अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी के विकल्प तलाशने का अवसर मिलेगा।
इस पहल से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी यह कैंप उपयोगी साबित हो सकता है। विधायक अभिषेक रंजन ने योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर कैंप में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Categories: युवा कार्यक्रम, रोजगार