पश्चिम चम्पारण के पांच प्रखंडों में 10 से 14 अगस्त तक जॉब कैम्प, 60 पदों पर होगी भर्ती।

*पश्चिम चम्पारण के पांच प्रखंडों में 10 से 14 अगस्त तक जॉब कैम्प, 60 पदों पर होगी भर्ती।*
बेतिया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, पश्चिम चम्पारण द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक पांच प्रखंडों में जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जॉब कैंप संबंधित प्रखंड परिसर में पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी श्रीमती शोभा कुमारी ने बताया कि जॉब कैंप में निजी नियोजक द्वारा भर्ती की जाएगी। भर्ती सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर पदों के लिए होगी। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण, आयु सीमा 20 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 17,000 रुपये से 29,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा तथा कार्यस्थल बिहार के विभिन्न जिलों में होगा। कुल 60 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
जॉब कैंप का आयोजन 10 अगस्त को बगहा-1, 11 अगस्त को रामनगर, 12 अगस्त को गौनाहा, 13 अगस्त को मझौलिया तथा 14 अगस्त को बेतिया प्रखंड परिसर में किया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जॉब कैंप में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपने साथ बायोडाटा एवं आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण-पत्र लेकर जॉब कैंप में उपस्थित होकर नियोजक से रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ आवेदन भी जमा कर सकते हैं।
उन्होंने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। जॉब कैंप से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, पश्चिम चम्पारण के दूरभाष संख्या 06254-295737 पर संपर्क किया जा सकता है।