85 हजार रूपया की लूट की निकली झूठी कहानी, ग्राहकों के रुपया हड़पने के लिए रची थी साजिश


*रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की जांच में हुआ खुलासा, दो युवक गिरफ्तार; मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद*


बगहा।बगहा पुलिस जिला के  रामनगर थाना क्षेत्र में 85 हजार रुपया की कथित लूट की सूचना को पुलिस ने जांच के बाद फर्जी पाया है। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों के पैसे हड़पने के उद्देश्य से दो युवक ने मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक बगहा के अनुसार 18 अगस्त को रामनगर थाना पुलिस को 85 हजार रुपया की कथित लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को जानकारी दी और तत्काल घटनास्थल का सत्यापन करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू की।सूचना देने वाले दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को बताया था कि वे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रामनगर शाखा से 85 हजार रुपया निकालकर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बेलौरा पुल के पास दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उनकी बाइक में धक्का मारकर उन्हें गिरा दिया और बैग में रखे 85 हजार रुपया लूटकर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ बैंक से संबंधित तथ्यों की भी जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों व्यक्तियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रामनगर शाखा से 85 हजार रुपया की कोई निकासी ही नहीं की थी। इसके अलावा कथित लूट की घटना के अनुरूप पुलिस को कोई विश्वसनीय साक्ष्य भी नहीं मिला।इसके बाद पुलिस ने दोनों से गहन पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि ग्राहकों के पैसे हड़पने के उद्देश्य से उन्होंने मिलकर लूट की झूठी कहानी तैयार की थी।पुलिस ने कथित लूट की घटना को फर्जी पाए जाने के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार (21 वर्ष), पिता छोटेलाल खरवार तथा सोनू कुमार (20 वर्ष), पिता शंभू महतो, दोनों निवासी शेरवा भुसकी, थाना मटियरिया, जिला पश्चिमी चम्पारण के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद की है।
पुलिस की त्वरित जांच से न केवल कथित लूट की सच्चाई सामने आई, बल्कि ग्राहकों के पैसे हड़पने के लिए रची गई कथित साजिश का भी खुलासा हुआ।

Categories: crime