तिरुपति शुगर्स मिल के सर्वर पर साइबर हमला से एक सौ करोड़ रूपया की क्षति
* SAP सिस्टम प्रभावित होने के कारण मिल में चीनी की बिक्री ठप होने के साथ किसानों के गन्ना भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा भी प्रभावित हो गया है*

बगहा।बिहार के पश्चिम चंपारण जिला के बगहा स्थित सबसे बड़ा उद्योग तिरुपति शुगर्स मिल के डेटा पर साइबर हमला का मामला सामने आया है।चीनी मिल के कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग के महाप्रबंधक त्रिपुरारी कुमार ने साइबर थाना में इसकी प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में बताया गया है कि 18 से 20 अगस्त के बीच साइबर अपराधियों ने मिल के मुख्य सर्वर और SAP सिस्टम को हैक करके कंपनी के महत्वपूर्ण डाटा की चोरी करके सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया है।आवेदन में मिल प्रबंधन ने साइबर हमला से करीब एक सौ करोड़ रुपया की क्षति होने की बात कही है।
प्राथमिकी में आगे उल्लेखित किया गया है कि SAP सिस्टम प्रभावित होने के कारण मिल में चीनी की बिक्री पूरी तरह ठप हो गई है। बिलिंग, स्टॉक और डिस्पैच से संबंधित पूरा सिस्टम भी प्रभावित हो गया है,इतना ही नहीं चीनी मिल के लेखा-जोखा के साथ किसानों के गन्ना भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा भी प्रभावित हो गया है,ऐसे में साइबर हमले के बाद मिल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है और डाटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।वही केन महाप्रबंधक बीएन त्रिपाठी ने बताया कि सॉफ्टवेयर हैक होने की जानकारी के बाद साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।