हत्या का पुलिस ने किया उद्भेदन, पत्नी से अवैध संबंध के शक में की थी हत्या


बगहा। भितहा थाना क्षेत्र में गंडक नदी के छाड़न/उबरा पानी से बरामद छोटेलाल यादव के शव के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुराडीह टांड़ निवासी रविन्द्र यादव (45) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को भितहा थाना क्षेत्र में छोटेलाल यादव, पिता वासुदेव यादव का शव संदिग्ध परिस्थिति में गंडक नदी के छाड़न/उबरा पानी से बरामद हुआ था। इस संबंध में भितहा थाना कांड संख्या 134/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 को धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बगहा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और वैज्ञानिक, तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।


पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर रविन्द्र यादव, पिता स्व. बलिस्टर यादव, निवासी मुराडीह टांड़, थाना भितहा को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे शक था कि मृतक छोटेलाल यादव का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध था। 11 अगस्त 2026 को उसने कथित तौर पर छोटेलाल यादव और अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद पहले उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह वहां से भाग गई। फिर आरोपी ने छोटेलाल यादव को लाठी से पीटा और गला दबाकर उसकी गर्दन मोड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर से करीब 80 मीटर दूर पूर्व-दक्षिण दिशा में स्थित पानी में फेंक दिया। बाद में इसी स्थान से छोटेलाल यादव का शव बरामद किया गया।मामले में पुलिस द्वारा उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों का सत्यापन अनुसंधान के दौरान किया जा रहा है।

Categories: crime