मशरूम के क्षेत्र में स्वावलम्बी बन रहा है लोहरदगा – दिलीप सिंह शेखावत



*मशरूम के क्षेत्र में स्वावलम्बी बन रहा है लोहरदगा – दिलीप सिंह शेखावत*
*उप विकास आयुक्त ने सोलर ड़ायर और चेक लाभुकों को वितरित किया*
रिपोर्ट अनमोल कुमार
लोहरदगा। आज किस्को और पेशरार के लाभार्थियों को उप विकास आयुक्त दिलीप सिंह शेखावत के द्वारा मशरूम सोलर ड़ायर और उत्पादक महिला समूहों को विक्रय से प्राप्त चेक वितरण किया गया। इस अवसर श्री शेखावत ने कहा कि मशरूम उत्पादन के माध्यम से लोहरदगा स्वावलम्बी बन रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। सोलर ड़ायर और बिक्री उत्पाद का चेक प्राप्त कर लाभुकों में खुशी का लहर दौड़ गया।इस मौके पर जिला उद्यान पदाधिकारी भी मौजूद थे। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी लोहरदगा और जिला योजना कार्यालय के सौजन्य से किस्को और पेशरार प्रखण्ड में मशरूम उत्पादन से जीविकोपार्जन के लिए सतत कार्यक्रम एपीपी एग्रीगेट द्वारा संचालित किया गया। एजेन्सी द्वारा लाभार्थियों द्वारा उत्पादित मशरूम का बाजारीकरण की व्यवस्था सुलभ कराते हुए उत्पादित मशरूम का क्रय भी किया गया।
एपीपी एग्रीगेट खूंटी के निदेशक ने बताया कि मशरूम उत्पादकों को मशरूम उत्पाद के मूल्यसंबर्धन वस्तुओं को बढ़ावा देकर अधिकाधिक मुनाफा कमाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पाद से बड़ी, पापड़, अचार मिक्चर बिस्कुट लड्डू पेड़े जलेबी समोसे के निर्माण कर और भी आमदनी बनाया जा सकता है। एजेन्सी अभिरुचि रखने वालों का चयन कर रही है। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में जल्द ही मशरूम मार्ट स्थापित करने की योजना है।
सनद रहे कि 28 मार्च को किस्को और पेशरार प्रखण्ड के 50 लाभार्थियों को मशरूम परिक्षेत्र का भ्रमण करा कर मशरूम बीज प्रसंस्करण केन्द्र, मशरूम खाद्य पदार्थों का प्रसंस्करण केन्द्र और मशरूम उत्पादन क्षेत्र ( फर्म) और मशरूम उत्पाद के मार्ट का भ्रमण कराया गया।