65 वाहिनी एसएसबी बगहा में डब्ल्यू.टी.आई द्वारा सांपों के बचाव और सर्पदंश की रोकथाम पर कार्यशाला का हुआ आयोजन।

बगहा। 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बगहा और डब्ल्यू.टी.आई के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बगहा में सांपों के बचाव और सर्पदंश की रोकथाम पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला सेग्रे रैपिड एक्शन फंड के सहयोग से आयोजित की गई,जिसका उद्देश्य सुरक्षा बलों के जवानों को सांपों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और आपात स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रशिक्षित करना था।इस कार्यशाला में पर्यावरणम एनजीओ के आदित्य तिवारी ने सांपों के व्यवहार और उनके संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान, श्री तिवारी ने जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को विषैले और गैर-विषैले सांपों के बीच अंतर करने के तरीके सिखाए, जिससे अनावश्यक डर और उन्हें मारने की घटनाओं को रोका जा सके।
श्री तिवारी ने सांपों से जुड़ी कई सामाजिक भ्रांतियों, जैसे कि सांप दूध पीते हैं या नाग-नागिन का जोड़ा होता है जैसी भ्रांतियां को दूर किया। उन्होंने बताया कि सांप के काटने से बचने के लिए सावधानी बरतने, साफ-सफाई रखने की जानकारी दी। श्री तिवारी ने बताया कि सर्पदंश के बाद मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए और पारंपरिक उपचारों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को सांपों के प्राकृतिक व्यवहार की जानकारी दी जिससे कि वे इन जीवों को बेहतर ढंग से समझ सकें और अनावश्यक रूप से उन्हें नुकसान न पहुंचाएं।इस कार्यक्रम में नंदन सिंह मेहरा कमांडेंट,कोजाराम लामरोड़ द्वितीय कमान अधिकारी,पंकज शर्मा उप कमांडेंट,अभिषेक सुहाने उप कमांडेंट,डब्ल्यू. टी. आई. की ओर से आदित्य तिवारी,पॉवेल घोष,राहिनुल आई. सरकार,सुनील कुमार, आकिब अहमद,मधुमय मालिक,संचित गिरी तथा बड़ी संख्या में 65वीं वाहिनी एसएसबी के जवान उपस्थित थे।