वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य में नेचर गाइडों की दक्षता परखी जायेगी

*प्रशिक्षण में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण जागरूकता और पर्यटक सुरक्षा पर जोर रहेगा*
बगहा/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष्य में जंगल सफारी को प्रभावी बनाने और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नेचर गाइडों की दक्षता परखी जायेगी। आगामी 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशिक्षण में गाइडों के प्रदर्शन, व्यवहार, संवाद कौशल और वन्यजीवों से जुड़े ज्ञान का मूल्यांकन किया जायेगा। इसके आधार पर उनकी जिम्मेदारियां और आवश्यक सुधार तय होंगे।
प्रशिक्षण में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण जागरूकता और पर्यटक सुरक्षा पर जोर रहेगा। गाइडों को जंगल सफारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ आधुनिक वन्यजीव प्रबंधन, पर्यटन मानकों और नेचर इंटरप्रिटेशन की तकनीकों की जानकारी दी जायेगी। बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण समेत अन्य वन्यजीवों के व्यवहार तथा जंगल की वनस्पतियों और पारिस्थितिकी तंत्र को पर्यटकों के सामने रोचक तरीके से प्रस्तुत करने का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा।
वीटीआर में वर्तमान में दो दर्जन से अधिक नेचर गाइड विभिन्न सफारी मार्गों पर पर्यटकों को सेवाएं दे रहे हैं। वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि गाइडों की दक्षता बढ़ने से सफारी व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यटकों को सुरक्षित व ज्ञानवर्धक अनुभव मिलेगा। इससे वीटीआर के इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।