श्रीनगर पंचायत में विधायक ने बांटी राहत सामग्री

बगहा। वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने ठकराहा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित श्रीनगर पंचायत में नाव से पहुंचकर लोगों के बीच राहत सामग्री और आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया।
श्रीनगर पंचायत चारों ओर से नदियों से घिरा है और बरसात में मुख्य भूमि से संपर्क मुश्किल हो जाता है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पंचायत में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पानी उतरने के बाद भी कई जगह जलजमाव के कारण जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है।
विधायक ने कहा कि बाढ़ आने के पहले दिन से ही उन्होंने सरकारी राहत का इंतजार किए बिना अपने स्तर से प्रभावित लोगों के बीच सूखी खाद्य सामग्री का वितरण शुरू कर दिया था। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
कुशवाहा ने राहत कार्य में तत्परता के लिए बगहा एसडीएम, पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी, एडीएम सहित संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया।