बाढ़ पीड़ितों से मिले सांसद सुनील कुमार, बांध मरम्मत के दिए निर्देश



बगहा।वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने मंगलवार को मधुबनी प्रखंड की चिउरही पंचायत के नयनहा गांव सहित पिपरासी प्रखंड के श्रीपत नगर और सेमरा-लब्धाहा पंचायत के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सेमरा-लब्धाहा में बांध टूटने से उत्पन्न स्थिति का सांसद ने जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद वरीय पदाधिकारियों को बांध की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में दोबारा बांध टूटने की स्थिति उत्पन्न न हो और ग्रामीणों को बाढ़ की परेशानी से बचाया जा सके। सांसद ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने को भी कहा।
सांसद ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोईघर का शुभारंभ भी कराया। यहां बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सामुदायिक रसोई शुरू होने से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने सांसद के इस पहल के लिए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सह जदयू जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र कुशवाहा, दूधनाथ कुशवाहा, अनुराग पांडेय, रामप्रीत सिंह, मुन्नीलाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी और जरूरत के अनुसार प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Categories: आपदा