नगर निगम बेतिया में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन

बेतिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम बेतिया में शुक्रवार को “हर घर तिरंगा” अभियान का आयोजन किया गया।
इस वर्ष “हर घर तिरंगा” अभियान “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वार्डों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, संस्थानों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर निर्धारित कार्यक्रमों एवं ध्वजारोहण की व्यवस्था की गई।
अभियान के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम प्रशासन ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का जनआंदोलन है।
नगर निगम क्षेत्र में अभियान के दौरान नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
