SSB 21वीं वाहिनी ने निकाली भव्य तिरंगा मोटर साइकिल रैली


बगहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी, बगहा द्वारा शुक्रवार को देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा मोटर साइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों को तिरंगे के सम्मान के लिए प्रेरित करना था।
रैली का आयोजन कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता में किया गया। SSB के अधिकारी एवं बलकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ रैली में शामिल हुए। तिरंगे से सुसज्जित मोटर साइकिलों की रैली SSB 21वीं वाहिनी मुख्यालय बगहा से प्रारंभ होकर रामपुर चेक नाका, मदनपुर होते हुए लक्ष्मीपुर चौक पहुंची।
लक्ष्मीपुर चौक पर सीमा चौकी प्रभारी के नेतृत्व में स्थानीय सीमा मित्रों, सीमावर्ती नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद SSB जवानों एवं स्थानीय लोगों के साथ रैली गंडक बैराज, वाल्मीकिनगर की ओर रवाना हुई।
गंडक बैराज चेक पोस्ट पर SSB जवानों ने वाल्मीकिनगर पुलिस एवं सीमावर्ती नागरिकों के साथ स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया। लोगों को स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के साथ मनाने तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों में रैली को लेकर खासा उत्साह देखा गया और नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला। इसके बाद रैली गंडक बैराज चेक पोस्ट से सीमा चौकी गंडक बैराज पहुंची और वहां से पुनः SSB 21वीं वाहिनी मुख्यालय, मंगलपुर के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के शौर्य तथा देश की एकता एवं अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और गौरव से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा केवल सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सीमावर्ती जनता के सहयोग और सहभागिता से सीमा सुरक्षा और अधिक मजबूत होती है।
SSB अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती नागरिकों और SSB के बीच विश्वास, सहयोग एवं राष्ट्रभक्ति की भावना भारत की सीमाओं को और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। तिरंगा मोटर साइकिल रैली के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति जागरूक करने तथा SSB और सीमावर्ती जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बगहा द्वारा आयोजित इस रैली ने सीमावर्ती क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस और “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति उत्साह का वातावरण बनाया।