बगहा में तेज आंधी का कहर: घर पर पेड़ गिरने से 71 वर्षीय महिला की दबकर मौत

*बगहा में तेज आंधी का कहर: घर पर पेड़ गिरने से 71 वर्षीय महिला की दबकर मौत*

बगहा,इसराफील अंसारी 
चिउटाहा थाना क्षेत्र के ढोलबाजवा लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित बेलहवा गाँव में मंगलवार रात तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घर में सो रही 71 वर्षीया प्रभावती देवी की घर पर पेड़ गिरने से दबकर मृत्यु हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभावती देवी रात में अपने घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान तेज आंधी के कारण घर के ऊपर विशाल पेड़ गिर गया। मलबे में दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह मलबा हटाकर महिला के शव को बाहर निकाला।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया प्रमोद उरांव मौके पर पहुंचे। बुधवार सुबह मुखिया ने अंचलाधिकारी, बगहा-02 को पूरी घटना से अवगत कराया। सूचना पर सीओ ने तत्काल राजस्व कर्मचारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मचारी पवन कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी के निर्देश पर जांच प्रतिवेदन अंचल कार्यालय को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत मृतका के परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।इधर, प्रभावती देवी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पंचायत के मुखिया प्रमोद उरांव तथा ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

Categories: आपदा