बैरिया के मुशहरी गांव में अग्निकांड के प्रभावित परिवारों को भेजे गए 25 लाख 40 हजार रुपये।

*बैरिया के मुशहरी गांव में अग्निकांड के प्रभावित परिवारों को भेजे गए 25 लाख 40 हजार रुपये।*
बेतिया। बैरिया अंचल अंतर्गत लौकरिया पंचायत के मुशहरी ग्राम के वार्ड संख्या-05 में 10 अप्रैल 2026 को अचानक लगी भीषण आग से 127 ग्रामीण परिवारों के आवासीय घर प्रभावित हो गए। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्य प्रारंभ कर दिया।प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन, नगमा तबस्सुम ने बताया कि अग्निकांड के पश्चात प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक किचेन संचालित किया गया, जिसमें 11 एवं 12 अप्रैल को कुल 127 परिवारों के 511 लोगों को सुबह एवं शाम का भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही सभी प्रभावित परिवारों के बीच 198 प्लास्टिक शीट का वितरण किया गया।बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया द्वारा सभी प्रभावित घरों में पुनः बिजली बहाल कर दी गई है। वहीं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल द्वारा चापाकलों की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था भी सुचारू कर दी गई है।जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा प्रभावित परिवारों को सहायता अनुदान के तहत कुल 25 लाख 40 हजार रुपये की राशि आवंटित की गई है, जिसे बैरिया अंचल कार्यालय द्वारा निकासी कर आरटीजीएस के माध्यम से लाभुकों के खाते में भेज दिया गया है।अनुदान के तहत प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये नगद (जीआर) मद में, 8,000 रुपये क्षतिग्रस्त झोपड़ी मद में तथा 5,000 रुपये बर्तन एवं वस्त्र मद में प्रदान किए गए हैं।जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
