सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण सम्पन्न कराएं : जिला पदाधिकारी।



*सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण सम्पन्न कराएं : जिला पदाधिकारी।*

*परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त फ्रिस्किंग और मॉनिटरिंग अनिवार्य।*

*बिना गहन जांच के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।*

बेतिया। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 एवं 21 अप्रैल 2026 को तीन चरणों में जिले के 23 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 11,832 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने सभी केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न करायी जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा जिले में स्वच्छ वातावरण में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त सम्पन्न करायी जाय। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तत्परता के साथ अपनी ड्यूटी बिना किसी लापरवाही के अच्छे तरीके से करेंगे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त फ्रिस्किंग और मॉनिटरिंग अनिवार्य है तथा बिना गहन जांच के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला दंडाधिकारी एवं पुलिस बल द्वारा अलग से अस्थायी व्यवस्था के तहत की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक पेन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ-साथ व्हाइटनर, इरेजर एवं ब्लेड जैसी सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे सामान पाए जाने पर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दोषी अभ्यर्थियों को पांच वर्षों तक आयोग की परीक्षाओं से वंचित किया जा सकता है, वहीं अफवाह फैलाने पर तीन वर्षों तक प्रतिबंध लगेगा।

जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के दौरान मजबूत यातायात व्यवस्था, मोबाइल जैमर, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं फेस रिकग्निशन सिस्टम के जरिए अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय, रोशनी, जनरेटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्था के साथ-साथ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता  राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  अनिल कुमार सिन्हा, सहायक परीक्षा संयोजक  अमरेन्द्र कुमार, शिक्षा विभाग के सभी डीपीओ सहित सभी संबंधित अधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

Categories: शिक्षा