राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बेतिया का सितारा, ‘बजट क्वेस्ट’ में एंकर बनेंगे आदित्य मधुकर।*

*राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बेतिया का सितारा, ‘बजट क्वेस्ट’ में एंकर बनेंगे आदित्य मधुकर।*
*पटना के ऊर्जा भवन में 12-13 अप्रैल को दो दिवसीय आयोजन, देशभर से 838 प्रतिभागी लेंगे भाग।*
बेतिया। बेतिया नगर के लिए यह अत्यंत गौरव और खुशी का क्षण है कि युवा प्रतिभा आदित्य मधुकर को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम “बजट क्वेस्ट” में एंकर के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह भव्य आयोजन 12 एवं 13 अप्रैल 2026 को पटना स्थित ऊर्जा भवन (Urja Bhawan) के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से कुल 838 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आदित्य मधुकर की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि पूरे बेतिया और पश्चिम चंपारण जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। अपनी प्रभावशाली वाकपटुता, आत्मविश्वास और मंच संचालन की बेहतरीन क्षमता के कारण उन्हें इस राष्ट्रीय मंच पर एंकरिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि आदित्य मधुकर को पूर्व में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “यूथ आइकन बिहार” के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। वे अब तक तीन बार राष्ट्रीय स्तर की भाषण एवं एक्सटेम्पोर प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया।
इसके अलावा, आदित्य ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2024 (नासिक) और 2025 (भारत मंडपम, नई दिल्ली) में भी बिहार का प्रतिनिधित्व कर राज्य का मान बढ़ाया है। इंटर स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2025 (कुरुक्षेत्र, हरियाणा) में उनकी सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है।
नगर के भोला बाबा कॉलोनी, कमलनाथ नगर निवासी आभा देवी एवं मधुकर मिश्रा के सुपुत्र आदित्य मधुकर की यह सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि निरंतर मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।
बेतिया के नागरिकों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए आदित्य मधुकर को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।