घायल युवक की मौत, पुलिस जोड़ेगी हत्या की धारा

लौकरिया थाना क्षेत्र के भड़छी गांव निवासी नथु यादव के पुत्र 30 वर्षीय राजकुमार यादव की मारपीट में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक नाथू यादव के पुत्र थे। उनकी शादी चार वर्ष पहले हुई थी और उनकी डेढ़ साल की एक बच्ची है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक के छोटे भाई छोटेलाल यादव ने बताया कि 7 मार्च की सुबह करीब 5 बजे वह अपने भाई के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान हरनाटांड़ के छोटकी बैरिया स्थित पानी टंकी के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बैरिया निवासी भोला साह, रितेश साह, किशुन राम तथा 5-6 अन्य लोगों ने राजकुमार यादव को घेरकर मारपीट की। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पहले उन्हें हरनाटांड़ पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया और फिर गोरखपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। लौकरिया थाना अध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि मारपीट मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।