बेलहवा मोड़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिनवलिया टीम को कोई मौका नहीं दिया

——-बेलहवा मोड़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिनवलिया टीम को कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा मुकाबले में 4-0 गोल से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब किया अपने नाम
बगहा। बगहा दो प्रखंड के देवरिया तरुवनवा गांव के खेल मैदान में स्वर्गीय मुक्तिनाथ ओजहिया मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य फाइनल मुकाबला आयोजित किया गया। इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पंचायत की मुखिया अंजु देवी एवं उनके पति समाजसेवी संजय ओजहिया द्वारा अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय मुक्तिनाथ ओजहिया की स्मृति में किया गया।सात दिवसीय इस फूटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए काफी रोमांचक रहा। फाइनल मैच बेलहवा मोड़ और बिनवलिया टीम के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मैदान में उतरे और एक-दूसरे के खिलाफ लगातार गोल करने का प्रयास करते नजर आए। लगभग 15 मिनट तक मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन इसके बाद बेलहवा मोड़ की टीम ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।बेलहवा मोड़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिनवलिया टीम को कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा मुकाबले में 4-0 गोल से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। बिनवलिया की टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कुंदन कुमार को मैन ऑफ दी मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल दिखाने वाले बृष्टीराज उरांव को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। विजेता टीम बेलहवा मोड़ को 7100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, वहीं उपविजेता बिनवलिया टीम को 5100 रुपये की राशि दी गई।इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता की शुरुआत गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को हुई थी। उद्घाटन मुकाबला शेरवा दोन और भरथापुर टीम के बीच खेला गया था।फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि लौकरिया थाना अध्यक्ष रमन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि वन क्षेत्र पदाधिकारी हरनाटांड़ शिवकुमार राम और अनुसूचित जनजाति के पूर्व सदस्य महेश्वर काजी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।इस अवसर पर जीमरी नौतनवां पंचायत के मुखिया खूबलाल बडघरिया बलुआ छत्रौल के मुखिया हरेंद्र काजी, महुअवा कटहरवा के ज्योतिनारायण खतईत, संतपूर सोहरिया के रमेश महतो,नौरंगिया दरदरी सुनील कुमार, बकुली पंचगावा के भरत कुमार गुप्ता,भड़छी के कृष्ण मोहन प्रसाद सुमित कुमार,वीरेंद्र पटवारी, सरपंच प्रतिनिधि सहित वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।