बगहा में खेल मैदानों का जिला खेल पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

बगहा में खेल मैदानों का जिला खेल पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।
बगहा। जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने गुरुवार को बगहा दो प्रखण्ड की विभिन्न पंचायतों में निर्माणाधीन/ निर्मित खेल मैदानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मनरेगा जेई अशोक कुमार, पीआरएस अभिषेक कुमार,पीआर एस देवेंद्र साह और भड़छी के उप मुखिया नजरूल हसन भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” अभियान के तहत ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है। फील्ड लेवलिंग, ड्रेनेज और खिलाड़ियों के लिए बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सभी निर्मित एवं निर्माणाधीन मैदानों को अगले महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियां जल्द शुरू हो सकें। खेल पदाधिकारी ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को मेडल जीतने पर सीधे नौकरी दे रही है। ग्रामीण युवा इस मौके का फायदा उठाएं और नियमित अभ्यास करें।विभागीय स्तर पर खेल सामग्री आदि उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही। निरीक्षण के बाद प्रखण्ड स्तर पर खेल प्रशिक्षकों की तैनाती और खेल किट वितरण का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। खेल पदाधिकारी ने यह भी जोड़ा कि पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय युवा मैदानों की निगरानी में सहयोग करें। सरकारी योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब जमीनी स्तर पर काम सही तरीके से हो। मीडिया को उन्होंने बताया कि जहां पर खेल मैदान का कार्य पूर्ण हो गया है वहां पर खेल समिति बनाया गया है जिसमें अध्यक्ष सचिव कोषाध्यक्ष एवं सदस्य चुने गए हैं।