बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलंत चिकित्सा दल सक्रिय

बगहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के अस्पताल प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए चलंत चिकित्सा दल को सक्रिय किया है। दल प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रहा है और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध करा रहा है।


चिकित्सा दल बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों, बुखार, सर्दी-खांसी, डायरिया, त्वचा संबंधी संक्रमण तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच कर उपचार कर रहा है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है।


इसके अलावा लोगों को साफ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, आसपास जलजमाव नहीं होने देने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से भी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सा दल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

Categories: स्वच्छता, स्वास्थ्य