स्वच्छता से स्वास्थ्य का संदेश – सेवा पखवाड़ा एवं पोषण माह 2026 के तहत संगोष्ठी का आयोजन

*स्वच्छता से स्वास्थ्य का संदेश – सेवा पखवाड़ा एवं पोषण माह 2026 के तहत संगोष्ठी का आयोजन*
रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार
बिहटा।नगर परिषद, बिहटा के अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जिनपुरा में आज सेवा पखवाड़ा एवं पोषण माह- 2026 के अवसर पर “स्वच्छता से स्वास्थ्य का संदेश” विषय पर स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करने हेतु चित्रकला, निबंध लेखन, नारा लेखन, भाषण एवं हाथ धुलाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, मेडल एवं टोपी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साक्षी पाठक, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर परिषद, बिहटा ने अपने संबोधन में कहा कि “हर वर्ष स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान देशभर के नागरिकों, संस्थानों और नेतृत्व को एकजुट करता है, ताकि स्वच्छता के लिए स्वैच्छिक भागीदारी और सामूहिक कार्रवाई को सुदृढ़ किया जा सके।”
उन्होंने बताया कि इस वर्ष “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” विषय के साथ SHS 2026 इस बात पर जोर देता है कि स्वच्छता एक साझा जिम्मेदारी है और स्वच्छ एवं विकसित भारत के लक्ष्य को सिर्फ संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज के दृष्टिकोण के माध्यम से ही प्राप्त किया जा सकता है। नगर परिषद, बिहटा द्वारा विभिन्न वार्डों एवं विद्यालयों में लगातार जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार ने कहा कि पोषण माह अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आहार विविधता में सुधार लाना है। यह अभियान पर्याप्त प्रोटीन सेवन, विविध खाद्य समूहों के उपभोग और स्थानीय रूप से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों जैसे मोटे अनाज, हरी सब्जियों और दालों के अधिक उपयोग को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि पोषण और संज्ञानात्मक विकास एक-दूसरे से जुड़े हैं, जहाँ पर्याप्त पोषण प्रारंभिक शिक्षा, मस्तिष्क विकास तथा बच्चों के समग्र विकास का आधार होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुधाकर कुमार,अंशु कुमारी, संगीर संगम, बबिता कुमारी,लीला देवी,संध्या कुमारी, बबलु कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यालय छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।