बगहा में स्वच्छता ही सेवा–2026 के तहत जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियाँ तेज

बगहा।बगहा नगर परिषद क्षेत्र में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चल रहे “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं नगर क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत स्वच्छता साथियों द्वारा विद्यालयों में जाकर बच्चों को 4-वे सोर्स सेग्रीगेशन, होम कंपोस्टिंग, प्लास्टिक उपयोग पर रोक तथा कचरा जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

विद्यालयों में बच्चों के बीच चित्रकला एवं लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हाथ धुलाई कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर क्षेत्र में चिन्हित कचरा डंप स्थलों (CTU) की सफाई कराई गई तथा वहाँ पौधारोपण कराया गया, जिससे स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा मिल सके। साथ ही नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अभियान में माननीय सभापति  पुष्पा गुप्ता, उप सभापति  रश्मी रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी  सरोज कुमार बैठा, स्वच्छता पदाधिकारी  अब्दुल बाकी, नगर प्रबंधक  चंदन कुमार मधेसिया, सहायक वास्तुविद  आसिफ अहमद, संबंधित वार्ड पार्षदगण, सभी स्वच्छता साथी एवं कार्यालय कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।

नगर परिषद बगहा द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें। यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Categories: स्वच्छता