112 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ स्विफ्ट डिजायर जब्त


*धनहा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता*

बगहा। पुलिस अधीक्षक, बगहा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धनहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार से 112 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार, धनहा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर धनहा थाना चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।


तलाशी के दौरान वाहन से कुल 112 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होते ही पुलिस ने वाहन को विधिवत जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने बताया कि मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।बगहा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी, वाहन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
धनहा पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है।

Categories: करप्शन