बगहा एसडीएम ने जनवितरण और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण


*बगहा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 199, चखनी चर्च टोला में सेविका सलोनी मनोज एवं सहायिका मंजू देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन केंद्र में बच्चों के लिए भोजन नहीं बन रहा था*

बगहा। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा चांदनी कुमारी ने सोमवार को रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में संचालित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों तथा बगहा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनवितरण दुकानों में स्टॉक एवं संचालन की स्थिति की जांच की गई, जबकि कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर भोजन नहीं बनने तथा केंद्र बंद मिलने की अनियमितताएं सामने आईं। मामले में संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में पीडीएस दुकानों की जांच के दौरान अनुज्ञप्ति से संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता अरुण कुमार गुप्ता की दुकान का निरीक्षण किया गया। दुकान के स्टॉक में 72 क्विंटल गेहूं एवं 72 क्विंटल चावल पाया गया।
वहीं, अनुज्ञप्ति संख्या 02/2022 के जन वितरण प्रणाली विक्रेता मोहम्मद फैयाज अंसारी की दुकान पर पहुंचने पर दुकान बंद मिली। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने दोनों जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से स्पष्टीकरण की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।
इधर, बगहा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 199, चखनी चर्च टोला में सेविका सलोनी मनोज एवं सहायिका मंजू देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन केंद्र में बच्चों के लिए भोजन नहीं बन रहा था।
नारायणपुर वार्ड संख्या-5 स्थित केंद्र में सेविका रंजू देवी अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका उपस्थित थी। यहां भी भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था। चखनी रजवटिया केंद्र संख्या-198 में सेविका शांति देवी एवं सहायिका बासमती देवी उपस्थित थीं, लेकिन भोजन नहीं बन रहा था।
इसी तरह छोटकी पट्टी वार्ड संख्या-11 स्थित केंद्र पर सेविका अनीता सिंह एवं सहायिका रेणु देवी का केंद्र बंद मिला। छोटकी पट्टी वार्ड संख्या-13 स्थित केंद्र संख्या-306 भी बंद पाया गया। यहां सेविका नीलू चौधरी का नाम दर्ज है, जबकि सहायिका का पद रिक्त बताया गया।
बड़गांव दक्षिण वार्ड संख्या-10 स्थित केंद्र संख्या-68 खुला पाया गया। यहां सेविका मोती कुमारी उपस्थित थीं, जबकि सहायिका का पद रिक्त था। निरीक्षण के दौरान इस केंद्र पर भी भोजन नहीं बन रहा था।
निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सेविकाओं से स्पष्टीकरण किया जा रहा है। वहीं, सीडीपीओ बगहा-1 एवं बगहा-2 को संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की कार्रवाई से संबंधित पीडीएस विक्रेताओं एवं आंगनबाड़ी कर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

Categories: करप्शन