बगहा में खाद-बीज दुकानों की जांच, दो दुकानदारों से मांगा गया स्पष्टीकरण

*पैक्स नौरंगिया का निरीक्षण करने पर वहां भी संबंधित दुकानदार अनुपस्थित मिले, जिससे खाद भंडार की जांच नहीं हो सकी। इस कारण पैक्स नौरंगिया से भी स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है*
बगहा। बुधवार को बगहा-2 प्रखंड की नौरंगिया पंचायत स्थित खाद-बीज दुकानों का संयुक्त निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) बगहा एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बगहा-2 द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद एवं बीज के भंडारण तथा अभिलेखों की जांच की गई।जांच के दौरान मेसर्स ओम खाद बीज भंडार, नौरंगिया पर दुकानदार अनुपस्थित मिले, जिसके कारण उनके खाद भंडार का सत्यापन नहीं किया जा सका। इस मामले में संबंधित दुकानदार से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
वहीं मेसर्स गणेश बीज भंडार, नौरंगिया की जांच में मशीन के अनुसार उपलब्ध स्टॉक एवं भंडार का मिलान सही पाया गया। अधिकारियों ने भंडारण व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
इसके अलावा पैक्स नौरंगिया का निरीक्षण करने पर वहां भी संबंधित दुकानदार अनुपस्थित मिले, जिससे खाद भंडार की जांच नहीं हो सकी। इस कारण पैक्स नौरंगिया से भी स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। अनुपस्थित पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।