*सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों के अंतर वेतन एरियर भुगतान को लेकर डीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल*


*शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष अपनी मांगों को विस्तार से रखते हुए जल्द से जल्द बकाया एरियर का भुगतान कराने का अनुरोध किया*


बगहा। सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों के वर्ष 2022 में वेतन विसंगति दूर होने के बाद बने अंतर वेतन एरियर के भुगतान की मांग को लेकर शनिवार को शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम चंपारण जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात की।शनिवार को पश्चिम चंपारण जिला शिक्षा कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षकों के लंबित अंतर वेतन एरियर के भुगतान का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्ष 2022 में वेतन विसंगति दूर होने के बाद शिक्षकों का अंतर वेतन एरियर बनता है, लेकिन लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।प्रतिनिधिमंडल में अखिलेश सिंह, विनोद राय, आदित्य यादव, अमलेश मिश्रा, राम इकबाल दुबे, शशि भूषण पांडे, मंजूर आलम और रमेश मिश्रा शामिल रहे। शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष अपनी मांगों को विस्तार से रखते हुए जल्द से जल्द बकाया एरियर का भुगतान कराने का अनुरोध किया।प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी का रुख सकारात्मक रहा और उन्होंने शिक्षकों की मांग पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इससे शिक्षकों में शीघ्र भुगतान की उम्मीद जगी है।इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने स्थापना शाखा में भी आवेदन देकर लंबित बकाया भुगतान तथा सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों के अर्जित अवकाश (EL) के भुगतान की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित भुगतान को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाना चाहिए।सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षक संघ, बिहार के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं सेवा पूर्व प्रशिक्षित शिक्षक संघ, पश्चिम चंपारण के जिला महासचिव सह मीडिया प्रभारी विनोद उपाध्याय ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के सकारात्मक रुख से शिक्षकों में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिकारियों के स्तर से शीघ्र कार्रवाई होगी और लंबे समय से लंबित अंतर वेतन एरियर का भुगतान धरातल पर दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अब केवल आशा नहीं, बल्कि विश्वास है कि उनकी जायज मांगों पर जल्द निर्णय लेते हुए सभी पात्र शिक्षकों को उनका बकाया एरियर भुगतान प्राप्त होगा।

Categories: शिक्षा