पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण के लिए बैठक का आयोजन।




बेतिया। पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण के लिए आज सोमवार को उप आयुक्त पश्चिम चंपारण की अध्यक्षता में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कार्यपालक सहायक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई।

सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग,  विकास कुमार द्वारा बताया गया कि समाज कल्याण विभाग, बिहार के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के सभी पात्र पेंशनधारियों को नियमित रूप से पेंशन राशि का भुगतान के उद्देश्य से ससमय जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) कराना आवश्यक है। जीवन प्रमाणीकरण यह प्रमाणित करता है कि संबंधित पेंशनधारी जीवित हैं, जिससे उनकी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखा जा सके।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी  सौरव आलोक ने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सुलभ बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। ग्राम पंचायत कार्यालय स्तर पर बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से पेंशनधारियों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण किया जा रहा है।

उप विकास आयुक्त द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे अपने पंचायत क्षेत्र के लंबित पेंशनधारियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, क्षेत्र में ऐसे पेंशनधारी जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उन्हें अनिवार्य रूप से चिन्हित करेंगे। विकास मित्र, पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक आदि के माध्यम से इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें एवं पेंशनधारी को पंचायत कार्यालय में जाने हेतु प्रेरित करें।सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अपने अनुश्रवण में कार्य को पूर्ण कराएंगे।

सभी पेंशनधारी से अपील किया गया कि अपने नजदीकी पंचायत कार्यालय में जाकर जीवन प्रमाणीकरण कराएंगे।

Categories: जिला प्रशासन