निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन।




बेतिया। भावी, नवमतदाता एवं युवा मतदाताओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता एवं साक्षरता विकसित करने के उद्देश्य से आज राज्य संपोषित बालिका विद्यालय, बेतिया में निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी (क्विज), भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में पश्चिम चंपारण के मास्टर ट्रेनर श्री उपेन्द्र शुक्ला ने छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, बेतिया  विकास कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागरूक एवं सशक्त मतदाता बनकर राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण  लाल बहादुर राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन संबंधी जागरूकता एवं मतदाता सहभागिता बढ़ाने के लिए संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से मतदान के प्रति उदासीनता को त्यागकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी  विवेक कुमार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

Categories: जागरूकता, जिला प्रशासन