बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में 16 टीबी मरीजों को टीपीटी किट, 15 को मिला पोषण पैकेट

बगहा। वृहस्पतिवार को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अनुमंडल पदाधिकारी बगहा की उपस्थिति में टीबी मरीजों के बीच टीपीटी (टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट) किट एवं पोषण सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अशोक कुमार तिवारी, डॉ. राजेश कुमार सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 16 टीबी मरीजों को टीपीटी किट प्रदान की गई, जबकि 15 मरीजों को पोषण (भोजन) पैकेट वितरित किया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब तक 32,369 मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जांच के क्रम में 444 मरीजों का एक्स-रे तथा 134 मरीजों का नैट (NAAT) टेस्ट कराया गया। जांच के दौरान 16 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों ने बताया कि टीबी मरीजों को प्रत्येक माह अस्पताल बुलाकर उनकी स्वास्थ्य जांच की जाती है और उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे नियमित दवा लेने के साथ संतुलित आहार प्राप्त कर जल्द स्वस्थ हो सकें।