सेमरा और चिउटाहा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ बकरीद का पर्व, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम।

बगहा: सेमरा और चिउटाहा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ बकरीद का पर्व, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम


बगहा :इसराफील अंसारी। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पवित्र पर्व बगहा पुलिस जिला के विभिन्न क्षेत्रों में आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।
थानाध्यक्षों के नेतृत्व में मुस्तैद रही पुलिस, सेमरा थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष रश्मि कुमारी और चिउटाहा थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष उदयभानु सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। दोनों थाना क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से सभी ईदगाहों में नमाज अदा की गई और लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर त्योहार की बधाई दी। पुलिस कप्तान के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए स्थानीय पुलिस ने हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी।
एसपी के निर्देश पर चप्पे-चप्पे पर पहरा
पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा के कड़े और विशेष इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए लगातार गश्ती अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण, अफवाहों से बचने की अपील
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने विभिन्न मस्जिदों और संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चौकस रहने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की और सख्त चेतावनी दी कि लोग सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न होने पर स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन की सजगता की सराहना की है।

Categories: पुलिस प्रशासन