बगहा पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ चलाया जन-जागरूकता अभियान

बगहा। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक बगहा के मार्गदर्शन में रविवार को पुलिस जिला बगहा की मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, इसके दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। आमजन को बताया गया कि रोजगार, शिक्षा, विवाह या अन्य किसी प्रलोभन के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के संदिग्ध आवागमन या तस्करी की आशंका हो तो इसकी सूचना तुरंत निकटतम थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं को रोका जा सके।
इस जागरूकता अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस अंचल निरीक्षक रामनगर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए एक गंभीर अपराध है और इसके विरुद्ध जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
बगहा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों की रोकथाम के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।