उप विकास आयुक्त ने सहयोग शिविर की सफलता के लिए दिये कई निर्देश।

बेतिया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से चनपटिया प्रखंड में आगामी सहयोग शिविर के आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। आज प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन ने सभी पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों जैसे-राजस्व, पेंशन, आवास योजना, और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का एक ही छत के नीचे निपटारा किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बैठक में मौजूद पंचायत सचिवों, राजस्व कर्मचारियों, आवास सहायकों और अन्य कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पंचायत के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिविर की तिथि और लाभों की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। शिविर से पहले ही पात्र लाभार्थियों की सूची और उनके आवेदनों की प्रारंभिक जांच कर ली जाए ताकि मौके पर काम में तेजी आए।
उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता के साथ शालीनता से पेश आएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिविर के दौरान ड्यूटी से गायब रहने वाले या कार्य में कोताही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। योजनाओं के चयन और कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी जवाबदेह होंगे।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने पेंडिंग पड़े आवासों को जल्द पूरा करने और मनरेगा के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने का भी लक्ष्य दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित प्रखंड के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।