*तीन चरणों में होगा मैहर में ‘मां शारदा लोक’ का निर्माण*

*तीन चरणों में होगा मैहर में ‘मां शारदा लोक’ का निर्माण*
रिपोर्ट अनमोल कुमार
मैहर। कमिश्नर-आईजी की बैठक में तैयार हुआ मास्टर प्लान, 15 मई तक टेंडर प्रक्रिया का लक्ष्य
मैहर। त्रिकूट पर्वत पर विराजी मां शारदा देवी शक्तिपीठ के समग्र विकास को लेकर ‘मां शारदा लोक’ के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद और आईजी गौरव राजपूत ने मैहर पहुंचकर जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंधन समिति के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें परियोजना का मास्टर प्लान प्रस्तुत किया गया।
बैठक में कंसल्टेंसी एजेंसी ‘धरोहर’ की संचालक संगीता सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मां शारदा लोक के लेआउट और विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण भी किया।
तीन जोन और तीन फेज में होगा विकास
प्रस्ताव के अनुसार घन्टाघर चौक से लेकर देवी मंदिर, आल्हा ताल, आल्हा अखाड़ा और मेला परिसर तक क्षेत्र को तीन जोन में विभाजित कर कार्य तीन चरणों में किया जाएगा।
इनमें प्रमुख रूप से—
मुण्डन संस्कार भवन
यज्ञ वेदी और यज्ञशाला
कल्चरल जोन
का निर्माण शामिल रहेगा।
प्राकृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप रहेगा सुरक्षित
कमिश्नर बीएस जामोद ने निर्देश दिए कि त्रिकूट पर्वत की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व को अक्षुण्ण रखते हुए ही निर्माण कार्य किया जाए। पहाड़ी क्षेत्र में सीमित स्थान को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार संतुलित तरीके से किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर प्लान
आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि भविष्य में प्रतिदिन करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं विकसित की जाएं, ताकि दर्शन सुगम और व्यवस्थित हो सके।
नए निर्माण और सुविधाओं का प्रस्ताव
योजना में कई नई सुविधाओं का प्रस्ताव रखा गया है—
परिक्रमा पथ पर शेल्टर निर्माण
आल्हा ताल और अखाड़ा क्षेत्र में नवग्रह वाटिका व भजन संध्या स्थल
पुलघाटा क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था
रोपवे की क्षमता विस्तार
बंधा बैरियर के पास ऑडिटोरियम निर्माण
15 मई तक टेंडर, जल्द शुरू होगा काम।
कलेक्टर रानी बाटड ने बताया कि 2-3 दिन में संयुक्त निरीक्षण के बाद मास्टर प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 15 मई तक निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
कुल मिलाकर ‘मां शारदा लोक’ परियोजना मैहर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।