*वाल्मीकिनगर विधायक ने रेलमंत्री से बगहा रेलवे समपार (गेट) संख्या 50C को जनहित को देखकर चालू रखने कि मांग की*

*वाल्मीकिनगर विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने रेलमंत्री से कहा है कि इस क्षेत्र कि लगभग 35 से अधिक पंचायत के 15,735 पंजीकृत गन्ना किसान इसी रेलवे समपार (गेट) के माध्यम से अपनी गन्ना फसल तिरुपति शुगर्स लिमिटेड ,बगहा के मिल गेट तक पहुँचाते हैं।*
अरविंद नाथ तिवारी
बगहा।वाल्मीकिनगर विधान सभा के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा ने बगहा नगर स्थित कुशवाहा मैरिज हाउस के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भारत सरकार के रेलमंत्री से यह कहा है कि बगहा नगर क्षेत्र (बिहार) स्थित रेलवे समपार (गेट) संख्या 50C को जनहित एवं हजारों गन्ना किसानों के हित में यथावत पहले की तरह चालू रखा जाय।रेलवे प्रशासन द्वारा नवनिर्मित ROB के पश्चात इस रेलवे समपार (गेट) को स्थाई रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है, जो स्थानीय किसान और आम जनता के लिए अत्यंत आत्मघाती सिद्ध होगा।आगे उन्होंने रेलमंत्री से कहा है कि इस क्षेत्र कि लगभग 35 से अधिक पंचायत के 15,735 पंजीकृत गन्ना किसान इसी रेलवे समपार (गेट) के माध्यम से अपनी गन्ना फसल तिरुपति शुगर्स लिमिटेड ,बगहा के मिल गेट तक पहुँचाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे किसान आज भी बैलगाड़ी और भैंसा गाड़ियों का उपयोग करते हैं। इन पारंपरिक वाहनों, ट्रैक्टर, टाली के लिए ऊँचे ROB पर चढ़ना और उतरना तकनीकी रूप से असंभव और असुरक्षित है। इस समपार के बंद होने से किसानों के पास मिल तक पहुँचने का कोई अन्य सुगम रास्ता नहीं बचेगा। इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी, बल्कि क्षेत्र की प्रमुख चीनी मिल के संचालन में भी भारी बाधा उत्पन्न होगी। पूर्व में भी मिल प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा ROB निर्माण के समय सेमरा रोड पर ‘ जंक्शन (1-Point) के निर्माण का अनुरोध किया गया था, जो अब तक लंबित है, जब तक ऐसी कोई स्थाई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान रेलवे समपार (गेट) को बंद करना न्यायोचित नहीं होगा।व्यापक जनहित और किसानों की आजीविका को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे समपार (गेट) संख्या 50C को तत्काल प्रभाव से यथावत चालू रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाय।बिहार के इस सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों किसानों की ओर से मैं आपके सकारात्मक और त्वरित निर्णय की प्रतीक्षा कर रहा हूँ।