एनडीए का चुनावी शक्ति प्रदर्शन, केशव प्रसाद मौर्य और मनोज तिवारी ने महागठबंधन पर साधा निशाना।


बगहा।04 बगहा विधानसभा अंतर्गत प्रखंड बगहा एक क्षेत्र के भैरोगंज हाई स्कूल मैदान में शनिवार को एनडीए की विशाल चुनावी सभा आयोजित की गई।इस जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और फिल्म अभिनेता व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने 04 बगहा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की और महागठबंधन,कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद पर जमकर हमला बोला।सभा को संबोधित करते हुए उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार की जनता ने अब महागठबंधन को नकारने का मन बना लिया है।उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ही विकास के मुद्दे पर बिहार को आगे बढ़ा रही है,जबकि महागठबंधन में अंतर्कलह और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।उपमुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर गलती से भी राजद महागठबंधन की सरकार बन गई तो कट्टा, बम और एके-47 का दौर फिर लौट आएगा।उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वालों को नहीं, बल्कि चाय बेचने वाले को ही देश चलाने का मौका दे रही है।वहीं फिल्म सुपरस्टार व संसदमनोज तिवारी ने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन 170 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान अलग थे, लेकिन इस बार दोनों एनडीए के साथ हैं, जिससे एनडीए और मजबूत हुआ है।मनोज तिवारी ने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जो अपने घर को नहीं संभाल पाए, वो बिहार क्या संभालेंगे।” उन्होंने महागठबंधन को “लठबंधन” करार दिया और कहा कि बिहार की जनता अब भ्रम में नहीं आने वाली है।सभा के दौरान मनोज तिवारी ने अपने मशहूर गीत “हम बिहारी हैं जी” गाकर भीड़ को उत्साह से भर दिया।मंच पर उनकी पत्नी सुरभि तिवारी ने भी जनता से भाजपा प्रत्याशी राम सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की।मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला सहित नेतागण,जनता की भारी भीड़ उमड़ी रही