बगहा में वाणिज्य कर विभाग की छापेमारी, अग्रवाल किराना भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों के अभिलेखों की जांच


*पटना से पहुंची केंद्रीय अन्वेषण टीम ने देर रात तक खंगाले कारोबारी दस्तावेज, ऑटो पार्ट्स लदा पिकअप वाहन जब्त*


बगहा।बगहा नगर में मंगलवार की शाम पटना से पहुंची वाणिज्य कर विभाग की केंद्रीय अन्वेषण टीम ने कर चोरी की आशंका को लेकर सघन जांच अभियान चलाया। टीम ने स्थानीय विभागीय अधिकारियों के साथ नगर के पाकिस्तानी टोला निवासी शंभू अग्रवाल के अग्रवाल किराना भंडार समेत अन्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर कारोबार से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की। जांच की सूचना फैलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के वास्तविक कारोबार, टर्नओवर, जीएसटी भुगतान और दाखिल किए गए रिटर्न से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला। कारोबार के अनुपात में राजस्व का समय पर भुगतान नहीं करने, गलत रिटर्न दाखिल करने तथा वास्तविक कारोबार छिपाने की आशंका के मद्देनजर अभिलेखों का बारीकी से मिलान किया । टीम ने प्रतिष्ठान में रखे कागजात, पंजियों और अन्य कारोबारी दस्तावेजों के साथ गोदाम एवं आवास से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की, देर रात तक जांच-पड़ताल जारी रही।इसी क्रम में वाणिज्य कर विभाग की टीम ने ऑटो पार्ट्स लदा एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया। बाद में वाहन को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को मामले का निष्पादन होने तक पिकअप वाहन को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में रखने का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में वाणिज्य राज्य कर के सहायक आयुक्त शिवनारायण पासवान ने बताया कि कर संग्रह बढ़ाने और कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल किराना प्रतिष्ठान की जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जायेगी।फिलहाल जांच के निष्कर्ष और संभावित कर देनदारी को लेकर विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।

Categories: Uncategorized