बेतिया–घोघा चौक मार्ग पर बस किराये की मनमानी, पूर्व विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी



बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बेतिया से घोघा चौक के बीच चलने वाली निजी बसों में मनमाने किराये की वसूली को लेकर यात्रियों में भारी आक्रोश है। यात्रियों का आरोप है कि निर्धारित ₹20 किराये की जगह उनसे ₹30 वसूले जा रहे हैं। इस मामले में बस संख्या BR22PA7451 को लेकर विशेष रूप से शिकायत सामने आई है। गरीब मजदूरों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले आम लोगों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।

इस संबंध में बस मालिक पंकज कुमार सिंह से व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत कर बस की किराया सूची मांगी गई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने किराया सूची देने से इनकार कर दिया। बातचीत के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा, ”आप जानते हैं कि हम कौन हैं।” साथ ही कहा कि यदि अधिक पैसा लिया जा रहा है तो जिला पदाधिकारी के पास शिकायत कर दीजिए।

जब उनसे पूछा गया कि घोघा चौक से बेतिया का किराया कितना है, तो उन्होंने ₹20 बताया। इस पर जब बताया गया कि उनके बस कर्मचारी यात्रियों से ₹30 वसूल रहे हैं, तो उन्होंने कथित तौर पर जवाब दिया, ”आप मेरी बस में मत चढ़िए। हर पांच मिनट पर बस आती है, किसी दूसरी बस में चढ़ जाइए।” बातचीत के दौरान सरकारी किराये के संबंध में पूछने पर उन्होंने ₹40 का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि खड़े होकर यात्रा करने पर ₹20 और सीट पर बैठकर आने पर ₹30 किराया लिया जाता है।

ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किस सरकारी आदेश के तहत खड़े होकर और सीट पर बैठकर यात्रा करने का अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है? यदि ऐसा कोई नियम है तो बस में किराया सूची क्यों नहीं लगाई गई है? किराया सूची मांगने पर उसे देने से इनकार करना भी यात्रियों के बीच संदेह पैदा कर रहा है।

इस मामले पर सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा है कि आम जनता से मनमाना और अवैध किराया वसूलने का सिलसिला बंद नहीं हुआ तो इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राज में निजी बस मालिकों द्वारा आम लोगों से जबरन अधिक किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने गरीबों और मजदूरों के आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग की है।

वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष मनोज केशान ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में निजी बस संचालकों द्वारा मनमाने ढंग से किराया वसूलना और किराया सूची उपलब्ध नहीं कराना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी बसों की जांच कराने, निर्धारित किराया सूची अनिवार्य रूप से लगवाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

यात्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), पश्चिम चंपारण से मांग की है कि बस संख्या BR22PA7451 की विशेष जांच कराई जाए। यदि निर्धारित किराये से अधिक वसूली की पुष्टि होती है तो बस मालिक एवं संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध जुर्माना, चालान और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बेतिया–घोघा चौक मार्ग की सभी बसों में आधिकारिक किराया सूची अनिवार्य रूप से लगवाई जाए।

अब सवाल यह है कि जब आम यात्री अपने अधिकार की बात कर रहे हैं तो परिवहन विभाग चुप क्यों है? क्या निजी बस संचालक अपनी मर्जी से किराया तय करेंगे? यात्रियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मनमानी किराया वसूली पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

Categories: करप्शन