स्कॉर्पियो बगहा में खड़ी, दूसरे राज्यों के टोल प्लाजा पर कट रहा FASTag टैक्स



*दो अलग-अलग टोल प्लाजा पर वाहन संख्या BR01PB8642 से हुई कटौती, वाहन मालिक ने जताई धोखाधड़ी की आशंका, नगर थाने में सनहा दर्ज कराने की मांग*

बगहा।बगहा नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-27, जामा मस्जिद के निकट निवासी सैयद मेहरे अनवर ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी के FASTag के कथित दुरुपयोग को लेकर पुलिस से शिकायत की है। उनका आरोप है कि उनकी गाड़ी बगहा स्थित आवास पर खड़ी रहती है, लेकिन उसके FASTag से दूसरे राज्यों के टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की राशि काटी जा रही है।

वाहन मालिक के अनुसार, उनकी महिंद्रा स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01PB8642 है। पहली बार 26 जुलाई 2026 को शाम करीब 4:50 बजे उनके मोबाइल पर मखेल (Makhel) टोल प्लाजा पर FASTag से टोल टैक्स कटने का संदेश आया। जबकि उस समय उनकी गाड़ी पवरिया टोला स्थित आवास पर खड़ी थी। वाहन की चाबी और कागजात भी उनके पास ही थे।इसके बाद 7 नवंबर 2026 को अपराह्न 3:12 बजे पुनः उनके मोबाइल पर टोल टैक्स कटने का संदेश प्राप्त हुआ। इस बार सूरजबाड़ी टोल प्लाजा पर IDFC FIRST Bank के FASTag से 100 रुपये की राशि काटे जाने की सूचना मिली। लगातार दो अलग-अलग टोल प्लाजा पर टोल टैक्स कटने से वाहन मालिक ने FASTag के अनधिकृत इस्तेमाल अथवा तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है।

सैयद मेहरे अनवर ने नगर थाना प्रभारी को आवेदन देकर दोनों घटनाओं की जांच कराने तथा मामले को सनहा के रूप में दर्ज करने का अनुरोध किया है। उन्होंने संबंधित टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज, वाहन की तस्वीर और FASTag लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।वाहन मालिक को आशंका है कि उनके वाहन के FASTag का किसी दूसरे वाहन पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि भविष्य में इस पहचान का दुरुपयोग कर किसी आपराधिक गतिविधि या दुर्घटना को अंजाम दिया गया तो उन्हें बेवजह कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए उन्होंने पुलिस और संबंधित बैंक से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल, FASTag के कथित दुरुपयोग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Categories: करप्शन