महिला महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य पर धोखाधड़ी, जालसाजी व अमानत में खयानत का केस



बेतिया। महेश्वरनाथ महामाया महिला महाविद्यालय, बेतिया की प्रभारी प्राचार्य डॉ. सिम्मी सिन्हा के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी एवं अमानत में खयानत के आरोप में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या 585/26, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राथमिकी महाविद्यालय के व्याख्याता सह इतिहास विभागाध्यक्ष एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. शशि भूषण प्रसाद श्रीवास्तव के आवेदन के आधार पर दर्ज की गई है। आवेदन में डॉ. सिन्हा पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने वर्ष 1984 में बिना रिक्ति विज्ञापन के दर्शनशास्त्र विषय में व्याख्याता पद पर नियुक्ति प्राप्त की। शिकायतकर्ता ने नियुक्ति की तिथि, योगदान की तिथि, एमए परीक्षा परिणाम और बाद में हुए साक्षात्कार की तिथियों का हवाला देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाया है।


आवेदन के अनुसार, डॉ. सिन्हा का नियुक्ति पत्र 10 अप्रैल 1984 को जारी हुआ था, जिसमें नियुक्ति की तिथि पांच अप्रैल 1984 और योगदान की तिथि 22 अप्रैल 1984 अंकित है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनका एमए का परीक्षाफल पांच जून 1984 को प्रकाशित हुआ था। इसके बावजूद नियुक्ति संबंधी दस्तावेज में पांच अप्रैल 1984 को ही एमए में 53 प्रतिशत अंक अंकित किया गया था। शिकायतकर्ता ने इसे नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितता का आधार बताया है। आवेदन में 20 नवंबर 1985 की साक्षात्कार सूची का भी उल्लेख किया गया है।शिकायतकर्ता ने वर्ष 2017 में प्रस्तुत कथित स्वघोषणा-पत्र में नियुक्ति की तिथि पांच अप्रैल 1984, योगदान की तिथि 22 अप्रैल 1984 तथा एमए उत्तीर्ण वर्ष 1982 अंकित किए जाने का भी उल्लेख किया है। इसके अलावा वर्ष 1999 में पटना उच्च न्यायालय में पारित एक आदेश का हवाला देते हुए बिना रिक्ति विज्ञापन के व्याख्याता की नियुक्ति पर आपत्ति जताई गई है।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूर्व प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार की मृत्यु के बाद डॉ. सिन्हा वर्ष 2023 से प्रभारी प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं और महाविद्यालय के बैंक खातों से करीब एक करोड़ रुपये की सरकारी राशि की निकासी की गई है। शिकायतकर्ता ने इसमें अमानत में खयानत का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।


डॉ. श्रीवास्तव ने आवेदन में कहा है कि विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर कुल सचिव द्वारा जारी कार्यालय आदेश के आधार पर 10 जनवरी 2024 को प्रभारी प्राचार्य के रूप में उनका योगदान स्वीकृत हुआ था। बाद में 27 जनवरी 2024 को सक्षम तदर्थ समिति ने डॉ. सिम्मी सिन्हा की प्रभारी प्राचार्य पद की दावेदारी अस्वीकार कर उन्हें प्रभारी प्राचार्य पद पर बरकरार रखा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद डॉ. सिन्हा ने उन्हें प्रभार नहीं सौंपा।आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि महाविद्यालय के व्याख्याताओं एवं कर्मचारियों के लिए प्राप्त अनुदान की राशि में से अन्य कर्मियों के बैंक खातों में भुगतान किया गया, जबकि शिकायतकर्ता के हिस्से की राशि का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने उक्त राशि के संबंध में भी जांच की मांग की है।पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Categories: करप्शन