12 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा पश्चिम चम्पारण जिले का स्थापना दिवस।

*तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने की बैठक।*

*प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, फैंसी फुटबॉल मैच एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित।*

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मी होंगे सम्मानित।*

बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले का स्थापना दिवस समारोह आगामी 12 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज बुधवार को जिला पदाधिकारी  तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए।

स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, फैंसी फुटबॉल मैच एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। साथ ही जिला के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जायेगा।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी  तरनजोत सिंह ने कहा कि जिला स्थापना दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पश्चिम चम्पारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत, गौरवशाली पहचान और सामूहिक उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर है। इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक की इसमें सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थापना दिवस समारोह के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जिलेवासी इसमें शामिल हो सकें। उन्होंने स्थापना दिवस के लिए एक आकर्षक एवं विशिष्ट लोगो तैयार कराने का निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि इसके लिए जिलेवासियों से ही लोगो आमंत्रित किए जाएं। प्राप्त लोगो में से चयनित लोगो को समारोह के दौरान सम्मानित भी किया जाए, जिससे आम लोगों की रचनात्मक सहभागिता को प्रोत्साहन मिल सके।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा समारोह को यादगार एवं गरिमामय बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त  काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन)  अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा  सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता  अहमद अली अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी  सौरभ आलोक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी  राकेश कुमार, एनईपी  पुरुषोत्तम त्रिवेदी, डीपीओ (आईसीडीएस)  कविता रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Categories: जिला प्रशासन