गांधी मंडप में भजन गाकर कांग्रेसजनों ने किया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का शांतिपूर्ण विरोध

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार से मांग इस्तीफे की मांग की गई*
गयाजी ( डॉ अनमोल कुमार) । अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार की अध्यक्षता में गया के गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में कांग्रेसजन एकत्रित हुए। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का सामूहिक गायन किया और सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेसजनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सद्बुद्धि मिले और वे मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं एवं वोट चोरी के आरोपों पर देश की जनता के सामने सच्चाई स्पष्ट करें, ताकि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। जब लोकतंत्र खतरे में होता है, तो देश का भविष्य भी खतरे में पड़ जाता है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से कांग्रेसजन महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चलते हुए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी मंडप में भजन गाने का उद्देश्य देश की जनता को यह संदेश देना है कि लोकतंत्र की रक्षा सत्य, अहिंसा और संवैधानिक मूल्यों के माध्यम से ही की जा सकती है। जननायक राहुल गांधी लगातार वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि इन आरोपों पर पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाए और देश की जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
रजनीश कुमार ने आगे कहा कि दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों में उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है कि जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार को लेकर जागरूक है। सरकार और उसके नेताओं की बयानबाजी से जनता के सवालों को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेसजन महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों में विश्वास करते हैं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए संघर्ष जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि अब जनता को केवल आश्वासनों से गुमराह नहीं किया जा सकता। यदि लोकतंत्र की गरिमा और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करनी है, तो संबंधित पदों पर बैठे लोगों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी होगी। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने-अपने पदों से इस्तीफा दें, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कायम रखा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने गांधीजी के प्रिय भजन के माध्यम से शांति, सद्भाव, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया तथा लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस्तीफे की मांग करने वाले प्रमुख कांग्रेस नेताओं में डॉ. शशि शेखर सिंह, रंजीत कश्यप, जुगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, मदीना खातून, चंद्रिका यादव, रामाश्रय सिंह, सैफुल इस्लाम, शौकत नवाब अली, रणजीत सिंह, ताजुद्दीन, ब्रजेश राय, धीरज वर्मा, गोपाल पासवान, शिव चौरसिया, राज कपूर गुप्ता, साहिल गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, शंभु सिंह, शमी अहमद खान, नवीन कुमार, केदार प्रसाद, धर्मेंद्र निराला, शिवनाथ प्रसाद, विजय कुमार मिट्ठू, देवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, परशुराम सिंह, सुनील पासवान, रामपुकार सिंह, मुन्ना मांझी, चंदन महतो सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
इस कार्यक्रम की जानकारी अशोक भारती ने दी।