नगर निगम, बेतिया के सात वार्ड में सहयोग शिविर का सफल आयोजन।

*महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की गई समीक्षा।*

बेतिया।नगर निगम, बेतिया द्वारा मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 36 से वार्ड संख्या 42 तक कुल 07 वार्ड में नागरिकों को जनसुविधाएँ उनके निकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इसी क्रम में नगर में आयोजित सभी 07 वार्ड में लगे शिविर का महापौर एवं नगर आयुक्त महोदया द्वारा निरिक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने शिविर में संचालित विभिन्न विभाग एवं सेवाओं हेतु स्थापित काउंटरों का क्रमवार अवलोकन करते हुए उनकी कार्यप्रणाली, नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल एवं समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो।

इस अवसर पर  महापौर एवं  उप महापौर तथा संबंधित वार्ड के पार्षद ने सहयोग शिविरों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में इनका लाभ उठाने की अपील की।नगर आयुक्त महोदया ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर निगम, बेतिया द्वारा आयोजित सहयोग शिविरों का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं को आमजन तक एक ही स्थान पर सुलभ रूप से उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। नगर निगम आम नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने-अपने वार्डों में आयोजित सहयोग शिविरों में उपस्थित होकर उपलब्ध विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ।

Categories: जनसंवाद, नगर निगम बेतिया, निरीक्षण, सहयोग शिविर