विधिज्ञ संघ बगहा के चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 7 अक्टूबर को मतदान


*470 अधिवक्ता करेंगे मतदान, 8 अक्टूबर को मतगणना और 9 को शपथ ग्रहण*

बगहा। बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित विधिज्ञ संघ बगहा के वर्ष 2026-28 के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव में संघ के कुल 470 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में सहयोग के लिए श्याम नारायण पांडेय एवं शैलेश कुमार को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 सितम्बर को मतदाता सूची सूचना पट पर प्रकाशित कर दी जायेगी। मतदाता सूची पर आपत्ति की सुनवाई 14 सितम्बर को दोपहर एक बजे तक होगी, जबकि आपत्तियों का निराकरण 15 सितम्बर को किया जायेगा।
चुनाव के लिए अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया 23 एवं 24 सितम्बर को होगी। 24 सितम्बर को दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 26 सितम्बर को दोपहर दो बजे से 2:30 बजे तक होगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे से शाम 4:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विधिज्ञ संघ के चुनाव में अध्यक्ष के एक, उपाध्यक्ष के तीन, महासचिव के एक, संयुक्त सचिव के तीन, सहायक सचिव के तीन, अंकेक्षक के एक तथा कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए चुनाव होगा। इसके अतिरिक्त सदस्य के सात पदों के लिए भी मतदान कराया जायेगा।
निर्वाचन कार्यक्रम में महिला अधिवक्ताओं के लिए भी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। उपाध्यक्ष के एक, संयुक्त सचिव के एक, सहायक सचिव के एक तथा सदस्य के दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को मतदान कराया जायेगा। मतदान के अगले दिन 8 अक्टूबर को मतगणना होगी तथा चुनाव परिणाम घोषित कर निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की जायेगी। इसके बाद 9 अक्टूबर को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया जायेगा। शपथ ग्रहण के साथ ही वर्ष 2026-28 के लिए विधिज्ञ संघ बगहा की नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लेगी।

Categories: न्यायालय