अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में एसडीओ की जांच, डॉक्टर समेत कई एएनएम अनुपस्थित

*जांच के क्रम में डा. बालेश्वर शर्मा समेत कई एएनएम अनुपस्थित पाए गए। इस पर एसडीओ ने अस्पताल के उपाधीक्षक को संबंधित अनुपस्थित चिकित्सक एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया*
बगहा। बगहा की अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने पं. कमलनाथ तिवारी अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा का औचक निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्था एवं कर्मियों की उपस्थिति की जांच की।जांच के क्रम में डा. बालेश्वर शर्मा समेत कई एएनएम अनुपस्थित पाए गए। इस पर एसडीओ ने अस्पताल के उपाधीक्षक को संबंधित अनुपस्थित चिकित्सक एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया है, उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसडीओ ने सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी में पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा गार्ड का रोस्टर बोर्ड पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की जानकारी अस्पताल आने वाले लोगों को भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सके।एसडीओ के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।