सावन की तैयारियों को लेकर बाबा विश्वंभरनाथ धाम समिति की बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर


बगहा। आगामी सावन माह को लेकर बाबा विश्वंभरनाथ धाम समिति की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को श्री ठाकुर जी मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रूपेश कुमार तिवारी ने की। इसमें सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त लाइट एवं जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। कांवड़ियों के विश्राम हेतु बैठने की समुचित व्यवस्था, मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई तथा चाय, शरबत, पेयजल, दवा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समिति ने यह भी निर्णय लिया कि सावन माह के दौरान दोनों मंदिरों में प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तथा शाम की गोधूलि बेला में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से शिव भक्ति भजनों का प्रसारण किया जाएगा, जिससे भक्तिमय वातावरण बना रहे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सावन माह के प्रत्येक रविवार की रात 7 बजे बाबा विश्वंभरनाथ धाम की ओर से एक सेवा दल वाहन के साथ दवा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सामग्री लेकर कांवड़ियों की सेवा के लिए रवाना होगा।

इसके अलावा मंदिर के मुख्य द्वार से श्री शंकर जी मंदिर तक पेवर ब्लॉक लगाने के लिए नगर प्रशासन से सहयोग लेने का निर्णय भी लिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अध्यक्ष रूपेश कुमार तिवारी के अलावा समिति के सदस्य मनोज सिंह, ध्रुव कुमार सोनी, रणधीर प्रताप सिंह, रवि किरण कुमार, विवेक कुमार गुप्ता, उमेश मोदनवाल, नागेंद्र साहनी, किशन सोनी, ओमप्रकाश जायसवाल, दिलीप कुमार, सुरेश गुप्ता, मनीष मोदनवाल, सत्तू यादव, अमरदीप तिवारी, कृष्ण मोदनवाल, अविनाश चौधरी, मनोज चौधरी, नवल यादव, संतोष सिंह, प्रभु ठाकुर, राजेश प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Categories: dharm