छह माह बाद भी नहीं हटी सरकारी जमीन से अतिक्रमण, मुख्यमंत्री पोर्टल पहुंचा धोबिया खड्डा पोखर मामला

खगड़िया। नगर परिषद क्षेत्र के संसारपुर वार्ड संख्या-38 स्थित सरकारी गैर-मजरूआ आम भूमि पर अवस्थित चर्चित धोबिया खड्डा पोखर एवं उससे जुड़े सार्वजनिक मार्ग पर कथित अतिक्रमण का मामला अब मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच गया है। स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने छह माह तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे आवेदन में कहा है कि सरकारी पोखर एवं सार्वजनिक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पिछले छह माह से लगातार जिला प्रशासन, नगर परिषद और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जा रहे हैं। इस मामले में परिवाद संख्या 421110108042606890 पर अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष अंतिम सुनवाई भी हो चुकी है, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आवेदन में कहा गया है कि संबंधित भूमि सरकारी गैर-मजरूआ आम है। आरोप है कि वर्षों पुरानी सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण कर दिया गया है, जिससे स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रशासनिक अभिलेख एवं जांच रिपोर्ट भी भूमि को सरकारी बताते हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवादित स्थल जिला पदाधिकारी आवास, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक आवास से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच, सरकारी भूमि की मापी, अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक सड़क की बहाली, धोबिया खड्डा पोखर के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, दोषियों पर कार्रवाई तथा शिकायतकर्ता और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।