मुखिया प्रमोद ठाकुर के नेतृत्व में चमकी गुदगुदी पंचायत की सड़क, ग्रामीण के सहयोग से हटाया अतिक्रमण

बगहा/ सेमरा। रामनगर प्रखंड अंतर्गत गुदगुदी पंचायत के ग्राम खालवा टोला में शनिवार को विकास और जनसेवा की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। लंबे समय से जलजमाव, कीचड़ और अवैध अतिक्रमण की मार झेल रहे मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क मार्ग को पंचायत के मुखिया प्रमोद ठाकुर के नेतृत्व में ग्रामीणों के सहयोग से पूरी तरह मुक्त और साफ कराया गया। मुखिया के इस जमीनी प्रयास की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खालवा टोला बड़गांव में सड़क पर लगे कीचड़ और पानी के कारण ग्रामीणों और राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया था। कुछ जगहों पर स्थानीय लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए मुखिया प्रमोद ठाकुर ने खुद कमान संभाली और शनिवार सुबह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए।
मुखिया की पहल से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इस सफाई अभियान में कूद पड़े। मुखिया की सूझबूझ से बिना किसी विवाद के, आपसी सहमति से सड़क मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया गया। इसके बाद सामूहिक सहयोग से सड़क पर जमा कीचड़ और गंदे पानी को साफ कर उसे आवागमन के लिए पूरी तरह सुगम बना दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रमोद ठाकुर जैसे कर्मठ जनप्रतिनिधि के कारण ही आज पंचायत विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है।
मौके पर ये रहे मौजूद:
इस सराहनीय कार्य के दौरान मुखिया के साथ मुख्य रूप से भुनेश्वर यादव, नूरहोदा मियां, वार्ड सदस्य वशिष्ट गोड़, बघेल यादव, सीताराम चौधरी, रमेश यादव, कुमार साधु और राधेश्याम यादव सहित भारी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।