मुहर्रम को लेकर बगहा प्रशासन सख्त: बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा ताजिया, जुलूस में धारदार हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध

बगहा/रामनगर/इसराफील अंसारी।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर आज सोमवार (22 जून 2026) को अनुमंडल प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) श्रीमती चांदनी कुमारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने संयुक्त रूप से की। इस बैठक में दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।बैठक में प्रशासनिक अमला और प्रबुद्ध जन रहे मौजूद, बैठक में रामनगर के कार्यपालक पदाधिकारी, बगहा-1 के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सहित बगहा-1, बगहा-2 और रामनगर के अंचल अधिकारी (CO) मौजूद रहे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बगहा व पटखौली के थानाध्यक्ष और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे। नगर परिषद के सभापति प्रतिनिधि, उपसभापति श्रीमती रश्मि रंजन, पूर्व सभापति, विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य समाजसेवी भी इस बैठक का हिस्सा बने।
ताजिया के लिए लाइसेंस अनिवार्य, हथियारों पर रोक
बैठक के दौरान उपस्थित समाजसेवियों और जनप्रतिधियों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी पक्षों को सुनने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कड़े निर्देश जारी किए:
लाइसेंस अनिवार्य: किसी भी अखाड़े या कमेटी को ताजिया जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से पूर्व में लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के जुलूस निकालने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध: जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार का धारदार या पारंपरिक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। इस पर पूरी तरह रोक रहेगी।अफवाहबाजों पर पैनी नजर: सोशल मीडिया और धरातल पर अफवाह उड़ाने वाले तत्वों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। भ्रामक खबरें या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
प्रशासन की अपील:
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों और प्रभारियों से अपील की है कि वे गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए मुहर्रम के पर्व को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने या अनुमंडल प्रशासन को दें।मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।