बगहा में सहयोग शिविर का आयोजन: ऑन-द-स्पॉट हुआ समस्याओं का निपटारा, मुखिया अंजू देवी ने की अध्यक्षता


बगहा (पश्चिम चम्पारण)। ‘विकसित भारत – समृद्ध बिहार’ संकल्प के तहत लोगों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए राज्य सरकार की अभिनव पहल पर आज बगहा-02 प्रखंड के ग्राम पंचायत राज देवरिया तरूअनवा में एक भव्य ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया श्रीमती अंजू देवी द्वारा की गई।
शिविर में जिला प्रशासन और प्रखंड स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने एक ही छत के नीचे उपस्थित होकर ग्रामीणों की जन-शिकायतों को सुना और उनका ऑन-द-स्पॉट समाधान किया।
35 आवेदन प्राप्त, अधिकांश का मौके पर ही निष्पादन
शिविर के नोडल पदाधिकारी सह पंचायत सचिव अमरजीत कुमार ने बताया कि आज के शिविर में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश मामलों का त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष बचे कुछ तकनीकी मामलों को भी जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व, भूमि सुधार, और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित आवेदनों पर मुख्य रूप से काम किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
ग्रामीणों की सहूलियत के लिए आयोजित इस शिविर में जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सरफराज असगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) वीरू कुमार राम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (MO) प्रशांत कुमार पांडे, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) अभिषेक कुमार सिंह और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (PO) आनंद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुखिया प्रतिनिधि संजय ओजहिया ने सुव्यवस्थित तरीके से इस शिविर का आयोजन कराया
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विकास कुमार, ने बताया कि शिविर में सैकड़ो लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाया गया कार्यकारी प्रभारी कार्यपालक सहायिका अनुप्रिया कुमारी, राजस्व कर्मी वीरेंद्र नारायण प्रभाकर कृषि समन्वयक जीतेन्द्र कुशवाहा और पंचायत सचिव अमरजीत कुमार ने विभागीय स्टालों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और नए आवेदन प्राप्त किए।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने सराहा
“आपकी भागीदारी – हमारा प्रयास, आपका विकास” के नारे के साथ आयोजित इस शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली। मौके पर वार्ड सदस्य हेमंती देवी, पूर्व सरपंच, स्वच्छता पर्यवेक्षक, समाजसेवी वीरेंद्र पटवारी, मुन्ना कुमार, राबड़ी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से प्रखंड मुख्यालय के चक्कर काटने से मुक्ति मिलती है।

Categories: devlopment