सराहनीय प्रयास: जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुखिया सूरज सिंह ने निजी कोष से कराई सड़क की मरम्मत


सेमरा। रतनपुरवा:इसराफील अंसारी।
लगातार हो रही बारिश के कारण रतनपुरवा गांव में भीषण जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय मुखिया सूरज सिंह ने एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।
ग्राम पंचायत को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए मुखिया सूरज सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज सड़क पर 15 ट्राली राबिश (मलबा/ईंट के टुकड़े) गिरवाया। उन्होंने बताया कि कल इस रास्ते पर रोड रोलर चलवाकर इसे पूरी तरह समतल (बराबर) करवा दिया जाएगा, ताकि विद्यालय के बच्चों और सैकड़ों ग्रामीणों की राह आसान हो सके।
क्यों खर्च करना पड़ा निजी फंड?
इस कार्य की सबसे खास बात यह रही कि इसके लिए सरकारी या मुखिया फंड का इस्तेमाल नहीं किया गया। मुखिया सूरज सिंह ने मीडिया कर्मी को बताया कि
“चूंकि यह सड़क माननीय मुख्यमंत्री जी की योजना के तहत बनी है, इसलिए नियमानुसार इसमें मुखिया फंड से काम नहीं कराया जा सकता था। जनता को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए मैंने अपने निजी कोष (पर्सनल फंड) से इस जनउपयोगी कार्य को संपन्न कराया है।”
मुखिया के इस त्वरित और संवेदनशीलता से भरे कदम की स्थानीय ग्रामीणों द्वारा काफी सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि हो तो ऐसा, जो तकनीकी नियमों में उलझने के बजाय जनता की समस्या का समाधान ढूंढने को प्राथमिकता दे।मौके पर मुखिया समर्थकों एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Categories: अतिक्रमण